खानम आर्ट गैलरी में गणतंत्र दिवस पर बच्चों की प्रतिभा का रंगारंग उत्सव

खानम आर्ट गैलरी में गणतंत्र दिवस पर बच्चों की प्रतिभा का रंगारंग उत्सव

Jan 28, 2026 - 10:05
 0  4
खानम आर्ट गैलरी में गणतंत्र दिवस पर बच्चों की प्रतिभा का रंगारंग उत्सव


प्रयागराज।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर खानम आर्ट गैलरी, प्रयागराज की ओर से बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। गैलरी परिसर में आयोजित इन कार्यक्रमों में आर्ट क्विज, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और आर्ट प्रतियोगिता शामिल रहीं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर गैलरी को राष्ट्रीय पर्व की भावना के अनुरूप अत्यंत सुंदर ढंग से सजाया गया था। विशेष रूप से तैयार किए गए स्टेज पर राष्ट्रीय त्योहारों और देशभक्ति को दर्शाती मनमोहक पेंटिंग्स लगाई गई थीं, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
आर्ट क्विज प्रतियोगिता में बच्चों को मात्र 15 सेकंड के भीतर दिए गए विषय पर चित्र बनाने का अवसर दिया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी त्वरित सोच, कल्पनाशीलता और कला कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने ‘परिवार’ विषय पर आधारित वेशभूषा और प्रस्तुति दी। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों की भावना को मजबूत करना रहा।
खानम आर्ट गैलरी की निदेशक डॉ. ज़ाहेदा खानम ने कहा कि गैलरी का मुख्य उद्देश्य बच्चों के भीतर सृजनशीलता, आत्मविश्वास और कला के प्रति उत्साह को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है, साथ ही उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित भी किया जाता है।
कार्यक्रम में डॉ. शोएब सरताज, डॉ. सारा मुख्तार, तलत महमूद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow